छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान, ‘राम-नामी’ ने जीता बेस्ट डॉक्यूमेंट्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार

रायपुर 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में छत्तीसगढ़ को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। प्रदेश के अद्वितीय रामनामी समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘राम-नामी’ को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया।

मुख्यमंत्री साय ने फिल्म के निर्देशक भरतबाला गणपति और पूरी टीम को इस उल्लेखनीय सफलता पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनामी समाज की अनूठी परंपरा श्रद्धा, समर्पण और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का जीवंत उदाहरण है। डॉक्यूमेंट्री ‘राम-नामी’ ने इस विरासत को प्रभावी ढंग से देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत किया है, जिससे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई मिली है।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश की लोक परंपराओं, जनजातीय एवं लोक समुदायों की सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *