मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को बस्तर गोंचा महापर्व-2026 में शामिल होने का न्योता, तुपकी चलाकर निभाई परंपरा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शनिवार को उनके निवास कार्यालय में बस्तर गोंचा महापर्व आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात कर उन्हें गोंचा महापर्व-2026 में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान जगन्नाथ को पारंपरिक रूप से दी जाने वाली सलामी तुपकी चलाकर गोंचा महापर्व की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपरा का निर्वहन किया। यह आयोजन बस्तर की विशिष्ट धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक माना जाता है।

प्रतिनिधिमंडल ने जगदलपुर शहर में विद्युत तारों को अंडरग्राउंड किए जाने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस पहल से शहर में बिजली संबंधी समस्याओं में कमी आई है और भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दौरान विद्युत तारों से होने वाली बाधाएं भी पूरी तरह समाप्त हो गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं और आयोजन समिति को बड़ी राहत मिली है।

360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डे ने बताया कि समाज अपनी 619 वर्ष पुरानी गौरवशाली परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष 29 जून से 25 जुलाई 2026 तक बस्तर के ऐतिहासिक गोंचा महापर्व का आयोजन कर रहा है।

उन्होंने बताया कि भगवान 1008 जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथयात्रा 16 जुलाई को जगन्नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर सिरहासार भवन (जनकपुरी) पहुंचेगी, जहां महाप्रभु विराजमान होंगे। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

इस दौरान वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण सिंह देव, गोंचा महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष मुक्तेश पाण्डे सहित समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति को महापर्व के सफल एवं भव्य आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *