भिलाई में युवती की हत्या का 24 घंटे में खुलासा, एकतरफा प्यार में आरोपी ने की थी वारदात

भिलाई। दुर्ग पुलिस ने वैशाली नगर थाना क्षेत्र में किराये के कमरे में हुई युवती की हत्या के सनसनीखेज मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। आरोपी ने एकतरफा प्रेम में युवती द्वारा बातचीत से इंकार किए जाने पर पूर्व नियोजित साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे मृतिका खुशी साहू की रूममेट ने परिजनों को सूचना दी कि खुशी अपने किराये के कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ी है। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 285/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर लाकेश्वर साहू उर्फ पिन्टू (24 वर्ष), निवासी सकरी, जिला बलौदाबाजार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 11 जुलाई को उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी युवती से एकतरफा प्रेम करता था। युवती द्वारा बातचीत से इंकार किए जाने पर उसने पहले से योजना बनाकर रायपुर से भिलाई पहुंचकर अपने साथ धारदार हथियार लाया था। पहचान छिपाने के लिए उसने दो शर्ट पहन रखी थी और पैंट के अंदर बरमूडा भी पहन रखा था। कमरे में विवाद होने के बाद उसने पहले युवती का गला दबाया और फिर धारदार हथियार से शरीर के कई हिस्सों पर प्राणघातक वार कर उसकी हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपी ने अपने पहने हुए कपड़े और जूते नदी में फेंककर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के साथ 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया है।

दुर्ग पुलिस ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए थाना वैशाली नगर और एसीसीयू टीम की सराहना की है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या महिलाओं के खिलाफ हिंसा की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *