‘आशीर्वाद के दीये’ अभियान पर कांग्रेस ने जताई आपत्ति, उठाए कई सवाल

दुर्ग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन एवं भाजपा द्वारा आयोजित सेवा संकल्प अभियान को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेताओं ने सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को जन्मदिन से जुड़े आयोजनों में शामिल किए जाने पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार से विभिन्न मुद्दों पर जवाब मांगा।

राजीव भवन (कांग्रेस भवन) दुर्ग में गुरुवार को जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल एवं भिलाई कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने संयुक्त प्रेसवार्ता की।

सरकारी योजनाओं को राजनीतिक कार्यक्रम से जोड़ने का आरोप

दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, लखपति दीदी सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ देश के नागरिकों को सरकारी बजट और जनता के टैक्स से मिलता है। ऐसे में लाभार्थियों से किसी व्यक्ति विशेष के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए दीपक जलाने अथवा फोटो-वीडियो साझा करने जैसी गतिविधियों के लिए कहना सरकारी योजनाओं को राजनीतिक कार्यक्रम से जोड़ने जैसा है।

उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाएं किसी नेता की निजी संपत्ति नहीं हैं और उनका लाभ देना किसी पर एहसान नहीं है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर लंबे समय तक कार्यक्रम आयोजित किए जाने तथा सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को इसमें शामिल करने के प्रयास पर सरकार को अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करनी चाहिए।

दीपक जलाने के आह्वान पर भी साधा निशाना

राकेश ठाकुर ने कहा कि एक ओर देश की जनता से तेल की खपत कम करने की अपील की जाती है, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर करोड़ों दीपक जलाने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में सेवा और जनकल्याण को प्राथमिकता देती है तो बेरोजगार युवाओं को रोजगार, किसानों को उचित मूल्य, गरीब परिवारों को महंगाई से राहत तथा आम लोगों को बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान देना चाहिए।

रोजगार, महंगाई और किसानों के मुद्दे उठाए

दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आयोजित प्रतीकात्मक अभियानों से अधिक महत्वपूर्ण देश के युवाओं और आम परिवारों के वास्तविक सवाल हैं। उन्होंने रोजगार के अवसर बढ़ाने, बेरोजगारी और महंगाई को नियंत्रित करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदमों पर जवाब मांगा।

उन्होंने कहा कि युवा रोजगार, किसान उचित मूल्य, श्रमिक सम्मानजनक आय और आम परिवार महंगाई से राहत की मांग कर रहा है।

वहीं, भिलाई नगर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने नोटबंदी, जीएसटी व्यवस्था और अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार से जवाब मांगा।

प्रेसवार्ता के दौरान दुर्ग जिला कांग्रेस संगठन प्रभारी रायसिंह ढिकोला, प्रवक्ता नासिर खोखर, ब्लॉक अध्यक्ष आनंद कपूर ताम्रकर एवं जिला ग्रामीण कांग्रेस महामंत्री पालेश्वर सिंह ठाकुर भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *