छत्तीसगढ़ में जले 1.50 करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’, सेवा संकल्प अभियान में दिखी जनभागीदारी

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्ष की सार्वजनिक सेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए छत्तीसगढ़ में गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेशभर में नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए 1.50 करोड़ से अधिक दीये प्रज्वलित किए।

गांव से लेकर शहर तक विभिन्न स्थानों पर लोगों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। कई स्थानों पर दीयों से आकर्षक आकृतियां और संदेश भी तैयार किए गए।

महिलाओं और युवाओं समेत विभिन्न वर्गों ने लिया हिस्सा

‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं, किसानों, श्रमिकों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने भागीदारी की। विभिन्न जिलों में मंदिरों, चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख मैदानों में सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित किए गए।

आयोजनों के जरिए सेवा, सहयोग और सकारात्मक बदलाव के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बड़ी संख्या में नागरिक कार्यक्रमों में शामिल हुए।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

छत्तीसगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य सेवा और सुशासन की भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज के विभिन्न वर्गों को रचनात्मक और जनकल्याणकारी गतिविधियों से जोड़ना है।

प्रदेशभर में आयोजित ‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम को अभियान के तहत जनभागीदारी के प्रमुख आयोजनों में शामिल किया गया। हजारों स्थानों पर एक साथ प्रज्वलित हुए दीपों के जरिए सेवा और संकल्प का संदेश देने का प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *