भाई को निगलने वाला था मगरमच्छ, दो भाइयों ने जान की बाजी लगाकर डेढ़ घंटे में पलट दिया खेल

बौद्ध। ओडिशा के बौद्ध जिले में भाईचारे और साहस की मिसाल सामने आई है। महानदी में एक विशाल मगरमच्छ ने युवक पर हमला कर उसे अपने जबड़ों में जकड़ लिया। भाई की चीख सुनकर उसके भाई और चचेरे भाई ने बिना अपनी जान की परवाह किए नदी में छलांग लगा दी। करीब डेढ़ घंटे तक चले संघर्ष के बाद दोनों ने मगरमच्छ के चंगुल से युवक को छुड़ा लिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नदी किनारे पहुंचते ही मगरमच्छ ने किया हमला

घटना रविवार शाम हरभंगा ब्लॉक के मराड़ा महानदी घाट की बताई जा रही है। मराड़ा गांव निवासी सुधीर बेहरा नदी किनारे गए थे। इसी दौरान पानी में मौजूद मगरमच्छ ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें अपने जबड़ों में दबोचकर गहरे पानी की ओर खींचने लगा।

अचानक हुए हमले से सुधीर ने मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर भाई छबिंद्र बेहरा और चचेरे भाई प्रमोद प्रधान मौके पर पहुंचे।

भाई को बचाने नदी में कूदे दोनों युवक

मगरमच्छ को सुधीर को पानी में खींचते देखकर दोनों ने अपनी जान की परवाह नहीं की और सीधे नदी में उतर गए। दोनों ने मगरमच्छ से भिड़कर सुधीर को उसके चंगुल से छुड़ाने की कोशिश शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि पानी के भीतर करीब डेढ़ घंटे तक युवक और मगरमच्छ के बीच संघर्ष चलता रहा। इस दौरान दोनों भाइयों ने लगातार मगरमच्छ पर प्रहार किया और उसे सुधीर को छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया। आखिरकार मगरमच्छ युवक को छोड़कर गहरे पानी में चला गया।

गंभीर रूप से घायल युवक अस्पताल में भर्ती

मगरमच्छ के हमले में सुधीर के शरीर पर गंभीर चोटें आईं। वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गए थे। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पुरुणाकटक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बौद्ध जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है।

इस घटना के बाद दोनों भाइयों के साहस की इलाके में खूब चर्चा हो रही है। अपनी जान जोखिम में डालकर सुधीर को मगरमच्छ के चंगुल से बचाने के लिए स्थानीय लोग उनके जज्बे की सराहना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *