दुर्ग। साइबर जागृति अभियान के तहत पुलिस लाइन दुर्ग स्थित प्रशासनिक भवन के दधीचि प्रशिक्षण हॉल में एसटीएफ के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल सतर्कता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य विभाग के मंत्री श्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान वर्तमान समय में सामने आ रहे साइबर अपराधों के नए तरीकों, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया आधारित धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और OTP से जुड़ी ठगी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल शिकायत एवं कार्रवाई के लिए उपलब्ध तकनीकी और कानूनी माध्यमों की जानकारी भी दी गई।
OTP, PIN और पासवर्ड साझा न करने की अपील
मुख्य अतिथि मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि अनजान व्यक्तियों से प्राप्त संदेश, फ्रेंड रिक्वेस्ट और संदिग्ध लिंक को लेकर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही साइबर सुरक्षा के प्रति परिवार और समाज में भी जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।


साइबर अपराध पर त्वरित कार्रवाई जरूरी : एसएसपी
उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला दुर्ग श्री विजय अग्रवाल (भापुसे) ने साइबर अपराधों की रोकथाम में पुलिस की तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्रवाई के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों को साइबर अपराध के बदलते तरीकों से लगातार अपडेट रहने, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारी-कर्मचारियों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने एवं डिजिटल माध्यमों का सतर्कतापूर्वक उपयोग करने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के साथ सामूहिक सेल्फी भी ली।
कार्यक्रम का संचालन श्री मणिशंकर चन्द्रा, रापुसे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), जिला दुर्ग ने किया। इस अवसर पर श्री हर्षित मेहर, पुलिस अधीक्षक नगर दुर्ग, श्री चन्द्रप्रकाश तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक (लाइन) सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं एसटीएफ के जवान उपस्थित रहे।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्क रहें। OTP, PIN, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
“एक क्लिक सोच-समझकर, भविष्य सुरक्षित।”