छत्तीसगढ़ शिक्षक भर्ती 2026 में विज्ञान, जीव विज्ञान और रसायन के पद जोड़ने की मांग, CTET अभ्यर्थियों को भी मिले आवेदन का मौका

भिलाई। छत्तीसगढ़ शिक्षक भर्ती 2026 को लेकर अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में विषयवार रिक्त पदों को शामिल करने और आगामी CTET परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को भी आवेदन का अवसर देने की मांग की है। मंगलवार को भिलाई में आयोजित प्रेसवार्ता में अभ्यर्थियों ने कहा कि वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में विज्ञान शिक्षक के पर्याप्त पदों के साथ-साथ जीव विज्ञान व्याख्याता और रसायन व्याख्याता के रिक्त पदों को भी शामिल किया जाना चाहिए।

अभ्यर्थियों का कहना है कि शासकीय विद्यालयों में विज्ञान विषय के शिक्षकों एवं व्याख्याताओं की आवश्यकता लगातार बनी हुई है। इसके बावजूद भर्ती प्रक्रिया में विषयवार पदों की संख्या अपेक्षाकृत कम है। उन्होंने विभाग से सभी विषयों की वास्तविक रिक्तियों का पुनः परीक्षण कर आवश्यकतानुसार पद बढ़ाने और संशोधित भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग की है।

CTET को लेकर अभ्यर्थियों ने उठाई बड़ी आपत्ति

प्रेसवार्ता में अभ्यर्थियों ने CTET को लेकर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में आ रही समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि आगामी CTET परीक्षा 6 सितंबर 2026 को आयोजित होनी है। बड़ी संख्या में B.Ed. अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।

अभ्यर्थियों के अनुसार वर्तमान शिक्षक भर्ती के ऑनलाइन आवेदन में CTET Roll Number को अनिवार्य (Required Field) किया गया है। ऐसे में वे अभ्यर्थी जो आगामी CTET परीक्षा में शामिल होंगे, लेकिन आवेदन की वर्तमान अवधि में उनके पास CTET Roll Number उपलब्ध नहीं है, वे शिक्षक भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।

अभ्यर्थियों ने कहा कि यदि कोई उम्मीदवार निर्धारित CTET परीक्षा में शामिल होकर भर्ती प्रक्रिया में तय पात्रता की अंतिम तिथि तक CTET उत्तीर्ण कर लेता है, तो केवल आवेदन के समय Roll Number उपलब्ध नहीं होने के आधार पर उसे भर्ती प्रक्रिया से बाहर करना उचित नहीं है।

उन्होंने मांग की कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक संशोधन कर आगामी CTET में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को भी आवेदन का अवसर दिया जाए। उनकी अंतिम पात्रता का निर्धारण CTET परिणाम जारी होने तथा भर्ती नियमों में निर्धारित पात्रता की अंतिम तिथि के आधार पर किया जाए।

अभ्यर्थियों ने रखीं सात प्रमुख मांगें

प्रेसवार्ता के दौरान अभ्यर्थियों ने सरकार के समक्ष सात प्रमुख मांगें रखीं—

विज्ञान शिक्षक के पर्याप्त पद तत्काल जोड़े जाएं।

जीव विज्ञान व्याख्याता और रसायन व्याख्याता के रिक्त पदों को भर्ती में शामिल किया जाए।

विषयवार वास्तविक रिक्तियों का पुनः परीक्षण कर संशोधित भर्ती विज्ञापन जारी किया जाए।

6 सितंबर 2026 की आगामी CTET परीक्षा में शामिल होने वाले B.Ed. अभ्यर्थियों को भी शिक्षक भर्ती में आवेदन का अवसर दिया जाए।

ऑनलाइन आवेदन में CTET Roll Number की अनिवार्यता में आवश्यक संशोधन किया जाए।

CTET परिणाम के आधार पर निर्धारित पात्रता तिथि तक पात्र होने वाले अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया से बाहर न किया जाए।

तकनीकी अथवा आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी समस्या के कारण आवेदन से वंचित अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन का अवसर दिया जाए।

अभ्यर्थियों ने सरकार और संबंधित विभाग से मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है, ताकि पात्र अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का समान अवसर मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *