डिजिटल आउटरीच को मिली रफ्तार, Gen-Z के लिए Snapchat पर आया विदेश मंत्रालय

नई दिल्ली। युवाओं, खासकर Gen-Z तक सरकारी संवाद को और प्रभावी बनाने के लिए केंद्र सरकार ने डिजिटल आउटरीच तेज कर दिया है। दिल्ली में पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के बाद सरकार की ओर से युवाओं के साथ सोशल मीडिया के जरिए जुड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में अब विदेश मंत्रालय (MEA) ने लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Snapchat पर अपनी आधिकारिक मौजूदगी दर्ज कराई है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विदेश मंत्रालय अब Snapchat पर भी उपलब्ध है। उन्होंने युवाओं से मंत्रालय को Snapchat पर जोड़ने और विशेष कहानियों, अपडेट्स तथा अन्य दिलचस्प कंटेंट के लिए जुड़े रहने की अपील की।

रणधीर जायसवाल ने अपने पोस्ट के अंत में युवाओं को संबोधित करते हुए ‘आइए Snap करें’ का संदेश दिया।

युवाओं तक पहुंचने की रणनीति पर जोर

विदेश मंत्रालय का Snapchat पर आना सरकार के डिजिटल आउटरीच को नई दिशा देने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है। Gen-Z के बीच Snapchat की लोकप्रियता को देखते हुए मंत्रालय अब इस प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं तक विदेश नीति, अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और भारत से जुड़े महत्वपूर्ण अपडेट आसान और आकर्षक तरीके से पहुंचाने की कोशिश करेगा।

पीएम मोदी भी Instagram पर हुए एक्टिव

छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी Instagram पर सक्रिय नजर आए। उन्होंने गुरुवार देर रात Instagram पर एक वीडियो जारी कर युवाओं और छात्रों से संवाद किया।

इसके बाद शुक्रवार को प्रधानमंत्री ने एक और वीडियो जारी कर युवाओं, खासकर Gen-Z और देशवासियों को उनकी प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाओं और सकारात्मक सुझावों के लिए वह सभी का आभार व्यक्त करते हैं।

उन्होंने कहा कि जनता का प्यार बना रहेगा और सरकार तथा युवाओं के बीच संबंध और अधिक सक्रियता से आगे बढ़ेंगे।

मंत्रियों को भी सोशल मीडिया पर सक्रिय होने की सलाह

प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों को भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अधिक सक्रिय रहने और युवाओं के साथ संवाद बढ़ाने पर जोर दिया है। सरकार की यह रणनीति डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए नई पीढ़ी तक सीधे पहुंच बनाने और उनसे संवाद स्थापित करने पर केंद्रित दिखाई दे रही है।

Snapchat पर विदेश मंत्रालय की एंट्री इसी डिजिटल रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है। आने वाले समय में मंत्रालय की ओर से इस प्लेटफॉर्म पर भारत की विदेश नीति, वैश्विक घटनाक्रम और महत्वपूर्ण अपडेट से जुड़ी सामग्री साझा किए जाने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *