दुर्ग में हिसाब-किताब को लेकर भाइयों में विवाद, बड़े भाई ने छोटे की कुल्हाड़ी मारकर की हत्या

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में हरेली तिहार के दिन एक दर्दनाक वारदात सामने आई। चॉइस सेंटर की आय के हिसाब-किताब को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छोटे भाई को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चॉइस सेंटर की कमाई के हिसाब को लेकर हुआ विवाद

घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर बघेरा इलाके की बताई जा रही है। मृतक की पहचान कैलाश देवांगन के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बड़े भाई का नाम देवेंद्र देवांगन बताया गया है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों भाई मिलकर चॉइस सेंटर संचालित करते थे। बुधवार सुबह चॉइस सेंटर से होने वाली आमदनी और पैसों के हिसाब-किताब को लेकर दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच तीखी बहस होने लगी।

आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में देवेंद्र ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और कैलाश के सिर पर हमला कर दिया। हमले में कैलाश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।

परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने आरोपी भाई को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम की मदद से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बड़े भाई देवेंद्र देवांगन को हिरासत में ले लिया गया है।

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह चॉइस सेंटर की आय और हिसाब-किताब को बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *