2 अगस्त से कोरबा में शुरू होगा ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान, पीएम मोदी वर्चुअली करेंगे युवाओं को संबोधित

कोरबा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल पर कोरबा जिले में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का जिला स्तरीय शुभारंभ 2 अगस्त को किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करेंगे और उन्हें नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश देंगे।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम माय भारत युवा कार्यक्रम के तहत शासकीय ईवीपीजी कॉलेज, कोरबा में होगा। जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा शामिल होंगे।

10 हजार स्थानों से जुड़ेंगे युवा

अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के लगभग 10 हजार स्थानों से जुड़े युवाओं को ऑनलाइन संबोधित करेंगे। कोरबा में भी प्रतिभागी लाइव प्रसारण से जुड़कर ‘नशामुक्त युवा-नशामुक्त भारत’ का सामूहिक संकल्प लेंगे।

स्कूल-कॉलेजों में चलेगा जागरूकता अभियान

जिला प्रशासन के अनुसार यह अभियान केवल उद्घाटन कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा। जिले के सभी सरकारी और निजी कॉलेजों, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल, उच्च शिक्षण संस्थानों, शासकीय विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और औद्योगिक इकाइयों में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान युवाओं और नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देने के साथ नशामुक्त भारत की शपथ भी दिलाई जाएगी।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रहेगी सहभागिता

जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य नागरिक, शिक्षक तथा स्कूलों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। प्रशासन का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और उनके माध्यम से स्वस्थ, जागरूक एवं विकसित भारत के निर्माण की दिशा में जनभागीदारी बढ़ाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *