रफ़ ड्राइविंग और स्टंटबाजी पर दुर्ग पुलिस का शिकंजा, 389 चालान, 9 FIR और 9 वाहन जब्त

भिलाई-दुर्ग। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और रफ ड्राइविंग व स्टंटबाजी के जरिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले वाहन चालकों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। 15 अगस्त को चलाए गए इस अभियान में 389 चालान किए गए, जबकि गंभीर यातायात उल्लंघन के मामलों में 9 FIR दर्ज कर 9 वाहन जब्त किए गए।

दुर्ग पुलिस के मुताबिक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना सड़क पर वाहन चालक के साथ-साथ राहगीरों और अन्य वाहन चालकों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न इलाकों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। भिलाई भट्ठी, भिलाई नगर और सुपेला सहित प्रमुख क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने वाहनों की जांच कर यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की।

अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई तीन सवारी के मामलों में की गई। तीन सवारी के 225 प्रकरण, बिना हेलमेट के 74, नो-पार्किंग के 18 और ब्लैक फिल्म के 5 मामलों में चालानी कार्रवाई की गई। इसके अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई।

गंभीर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए 9 FIR दर्ज कीं और 9 वाहन जब्त किए। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना और दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

रफ्तार के साथ स्टंट भी निशाने पर

पुलिस के अनुसार रश ड्राइविंग, तेज गति से वाहन चलाना, सड़क पर स्टंट करना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना और हेलमेट व सीट बेल्ट की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन सकती है। ऐसे वाहन चालकों की पहचान कर मौके पर जांच और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

लगातार जारी रहेगा अभियान

दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रफ ड्राइविंग, स्टंटबाजी और अन्य खतरनाक यातायात उल्लंघनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का फोकस दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ-साथ लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी है।

दुर्ग पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं, सड़क पर स्टंटबाजी न करें और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। दोपहिया वाहन चालक हेलमेट और चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।

दुर्ग पुलिस की अपील— “रफ्तार नहीं, सुरक्षा जरूरी। यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित घर पहुंचें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *