भूकंप से हिली धरती: छत्तीसगढ़ में झटके, कालाहांडी बना केंद्र, गरियाबंद में मची अफरा-तफरी

गरियाबंद/मैनपुर | छत्तीसगढ़ सीमावर्ती इलाकों में बुधवार शाम अचानक धरती के कांपने से लोगों में दहशत फैल गई। ओडिशा में आए भूकंप के झटके छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के मैनपुर, देवभोग और आसपास के क्षेत्रों तक महसूस किए गए, जिसके बाद लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।

भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 दर्ज की गई है। इसका केंद्र ओडिशा के कालाहांडी जिले में जमीन से लगभग 24 किलोमीटर की गहराई में था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम करीब 7:42 बजे अचानक धरती में कंपन महसूस हुआ, जो लगभग 3 सेकंड तक चला। इसी दौरान हल्की तेज आवाज भी सुनाई दी, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया और कई लोग तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।

मौसम भी इस दौरान बिगड़ा हुआ था। बारिश और बिजली की चमक-गड़गड़ाहट के बीच आए इस भूकंप ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी। कई स्थानों पर घरों में रखी वस्तुएं हिलती हुई दिखाई दीं, जिससे अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।

सीमा से सटे मैनपुर, देवभोग और अमलीपदर जैसे इलाकों में झटकों का असर ज्यादा महसूस किया गया। घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी भूकंप को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।

हालांकि राहत की बात यह है कि प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार अब तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। कुछ कच्चे मकानों में हल्की दरारें आने की आशंका जताई जा रही है, जिसकी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *