जापान में 7.1 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी से मची अफरा-तफरी

टोक्यो जापान के क्यूशू द्वीप स्थित कुमामोतो क्षेत्र में मंगलवार को 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके बाद जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने सुनामी की चेतावनी जारी कर दी। भूकंप के बाद तटीय इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।

अधिकारियों के अनुसार, भूकंप के बाद समुद्र में एक मीटर तक ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई गई है। कुमामोतो के अलावा नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा, ओइता और मियाजाकी सहित सात प्रांतों में आपात चेतावनी लागू की गई है। राहत एवं बचाव दलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इस बीच पड़ोसी देश चीन के किंघाई प्रांत में भी 5.0 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। झटके महसूस होते ही लोग एहतियात के तौर पर घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने संबंधित एजेंसियों को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संसाधनों का उपयोग किया जाएगा।

गौरतलब है कि जापान भूकंप संभावित देशों में शामिल है और यहां दुनिया के सबसे उन्नत भूकंप एवं सुनामी चेतावनी तंत्रों में से एक संचालित होता है। इस प्रणाली के माध्यम से भूकंप के तुरंत बाद लोगों के मोबाइल फोन और अन्य माध्यमों से अलर्ट जारी कर उन्हें समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की सूचना दी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *