दुर्ग फिल्टर प्लांट में अचानक लगी आग, फायरकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

दुर्ग। शहर के साइंस कॉलेज के सामने स्थित फिल्टर प्लांट में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, फिल्टर प्लांट में रखे सामान में अचानक आग लग गई। आग की लपटें तेज होने पर मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल दुर्ग अग्निशमन कार्यालय को सूचना दी। सूचना मिलते ही एक दमकल वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

ब्लीचिंग पाउडर के कारण बुझाने में हुई परेशानी

अग्निशमन कर्मियों के मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि फिल्टर प्लांट के अंदर आग तेजी से फैल रही थी। फायरकर्मियों ने बिना देरी किए प्लांट के अंदर प्रवेश कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

बताया गया कि फिल्टर प्लांट में ब्लीचिंग पाउडर रखा हुआ था, जिसके कारण आग बुझाने के दौरान फायरकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक दमकल वाहन के पानी की मदद से आग पर नियंत्रण पाया गया।

फायरकर्मियों की तत्परता और समय पर पहुंचने के कारण आग को ज्यादा फैलने से रोक लिया गया। घटनास्थल पर किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया।

आग लगने का कारण अज्ञात

फिलहाल फिल्टर प्लांट में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अग्निशमन विभाग के अनुसार आगजनी में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

अभियान के दौरान जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार राउटे के मार्गदर्शन में अग्निशमन प्रभारी प्रवीण बारा, दल प्रभारी भगवती बंजारे तथा अग्निशमन कर्मचारी उमाशंकर यादव, कुलेश्वर सिंह, शैलेन्द्र देशमुख और नितिन रामटेके ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई की।

फायरकर्मियों की टीम ने समय पर घटनास्थल पहुंचकर आग पर प्रभावी ढंग से काबू पाया, जिससे आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *