प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, 310 बच्चों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

भिलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारत सेवा संघ द्वारा कैंप-2 पानी टंकी स्थित शासकीय नवीन प्राथमिक शाला के प्रांगण में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शासकीय नवीन प्राथमिक शाला, शासकीय माध्यमिक शाला और हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

शिविर में कुल 310 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान बच्चों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ शुगर, ब्लड प्रेशर और सिकल सेल संबंधी जांच की गई। जांच के बाद सभी बच्चों को आवश्यकतानुसार नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।

आयोजक चंद्र प्रकाश सोनी ने बताया कि स्वास्थ्य जांच के दौरान चार बच्चे सिकल सेल पॉजिटिव पाए गए। इन बच्चों को आगे आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और उपचार के लिए मार्गदर्शन दिया गया।

शिविर में स्कूल के शिक्षकों ने भी स्वास्थ्य जांच कराई। शिक्षकों ने सिकल सेल और शुगर टेस्ट के साथ अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर चिकित्सकों से परामर्श लिया।

स्वास्थ्य शिविर में लाल बहादुर शास्त्री शासकीय अस्पताल, बैकुंठ धाम शासकीय अस्पताल, छावनी अस्पताल और कैंप-2 पानी टंकी स्थित शासकीय अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने सेवाएं प्रदान कीं।

कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष त्रिलोचन सिंह, प्रदीप सेन गुप्ता, शेख समीम, केवल सिंह, कमल सोनी, विजय सोनी सहित स्कूल का समस्त स्टाफ और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य बच्चों और आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंदों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *