रायपुर/श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार शाम आतंकियों ने प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाकर हमला कर दिया। इस आतंकी वारदात में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान दीपक रात्रे और भूपेंद्र कुमार के रूप में हुई है। दोनों रोजी-रोटी की तलाश में कश्मीर में ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, कुलगाम के केलम इलाके में स्थित ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों पर आतंकियों ने गोलीबारी की। हमले में 24 वर्षीय दीपक रात्रे गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, 28 वर्षीय भूपेंद्र कुमार को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
सीएम विष्णुदेव साय ने जताया दुख
इस घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के श्रमिक की मौत बेहद पीड़ादायक है। सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
सीएम साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अधिकारियों को मामले में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और घायल श्रमिक के बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है।
सुरक्षा बलों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
घटना के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और आतंकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों तक पहुंचने के लिए इलाके में जांच कर रही हैं।
10 दिन पहले पुलिसकर्मी की हुई थी हत्या
गौरतलब है कि कश्मीर में आतंकियों ने करीब 10 दिन पहले अनंतनाग शहर में एक पुलिस अधिकारी को भी निशाना बनाया था, जिसमें उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद अब मजदूरों पर हुए हमले ने सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
वहीं, श्रीनगर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए वाहनों की जांच के लिए चेकपॉइंट बनाए गए हैं। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट वाली एक कार को रोकने की कोशिश की गई, जिसके बाद कार को बरामद कर जांच शुरू कर दी गई है।