बाजार अतरिया में झोलाछाप डॉक्टरों पर शिकंजा, स्वास्थ्य विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई

खैरागढ़। जिले में अवैध तरीके से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों पर अब स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। इसी कड़ी में बाजार अतरिया क्षेत्र में टीम ने अचानक पहुंचकर क्लिनिक और पैथोलॉजी सेंटरों की जांच की। कार्रवाई के दौरान जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने पर तीन संचालकों को नोटिस थमाया गया है।

जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के निर्देश पर नर्सिंग होम एक्ट के नोडल अधिकारी के नेतृत्व में जांच दल ने बाजार अतरिया क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। टीम ने क्लिनिक और पैथोलॉजी लैब के संचालन से संबंधित पंजीयन और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की।

जांच के दौरान दिशा पैथोलॉजी के संचालक जितेंद्र वर्मा, रुद्राक्ष पैथोलॉजी के संचालक प्रेम प्रकाश साहू और श्रेया क्लिनिक के संचालक हिमलेश वर्मा के संस्थानों में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। इसके बाद तीनों संचालकों को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर संबंधित दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि तय समय सीमा में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नर्सिंग होम एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग की इस कार्रवाई से बाजार अतरिया क्षेत्र में बिना आवश्यक अनुमति या दस्तावेजों के स्वास्थ्य संस्थान संचालित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे संस्थानों की जांच जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *