यूपी में शिक्षकों की भारी भर्ती प्रक्रिया शुरू, बेसिक शिक्षा विभाग में 60 हजार पद

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग का ई-अधियाचन पोर्टल क्रियाशील होने के बाद राज्य में शिक्षकों की बड़ी भर्ती प्रक्रिया की दिशा में तेजी आ गई है। इसी क्रम में बेसिक शिक्षा विभाग में करीब 60 हजार शिक्षक पदों पर भर्ती की तैयारी शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, पुरानी भर्तियों में खाली रह गए पदों को मिलाकर बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में लगभग 60,000 पद रिक्त हैं। इनमें से नगर क्षेत्र के विद्यालयों में शिक्षकों के 11,508 पद रिक्त होने की जानकारी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को ऑफलाइन भेजी गई है।

वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में करीब 48,000 पद रिक्त हैं, जिनका विवरण ऑनलाइन पोर्टल पर भेजने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए विभाग की ओर से नियमावली को अपडेट करने की प्रक्रिया भी चल रही है।

शिक्षा सेवा चयन आयोग पहली बार परिषदीय शिक्षकों की भर्ती परीक्षा कराएगा। इससे पहले यह जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश परीक्षा नियामक प्राधिकारी (PNP) के पास थी। बेसिक शिक्षा में नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग-अलग कैडर व्यवस्था है।

ग्रामीण कैडर के विद्यालयों में वर्ष 2018 के बाद से कोई बड़ी भर्ती नहीं हुई है, जबकि नगर क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से शिक्षक भर्ती रुकी हुई थी। इसी कारण दोनों क्षेत्रों में शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है।

बेसिक शिक्षा परिषद ने नगर क्षेत्र के 11,508 रिक्त पदों की जानकारी पहले ही आयोग को भेज दी है। हालांकि आयोग भर्ती प्रक्रिया तब शुरू करेगा, जब सभी रिक्त पदों का डेटा ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड होकर प्राप्त हो जाएगा।

इसके साथ ही एडेड माध्यमिक विद्यालयों और एडेड महाविद्यालयों के रिक्त पदों का विवरण भी चरणबद्ध तरीके से आयोग के पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *