ड्रेस कोड उल्लंघन पर हाईकोर्ट सख्त, भिलाई निगम कमिश्नर को कोर्ट में लगी फटकार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान ड्रेस कोड का पालन नहीं करने पर भिलाई नगर निगम कमिश्नर को जस्टिस की नाराजगी का सामना करना पड़ा। अदालत ने कोर्ट की मर्यादा और नियमों के पालन को लेकर सख्त टिप्पणी करते हुए अधिकारी को फटकार लगाई।

जानकारी के मुताबिक, सुनवाई के दौरान भिलाई नगर निगम कमिश्नर सूट पहनकर कोर्ट पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने निर्धारित ड्रेस कोड के अनुरूप टाई नहीं लगाई थी। इस पर जस्टिस ने नाराजगी जताते हुए कहा, “क्या यही ड्रेस कोड है? आप कमिश्नर हैं या कोई और?”

कोर्ट ने स्पष्ट रूप से कहा कि अदालत के नियम सभी के लिए समान हैं और न्यायालय की गरिमा बनाए रखना हर अधिकारी की जिम्मेदारी है। जस्टिस ने यह भी कहा कि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को अदालत में पेश होते समय प्रोटोकॉल और ड्रेस कोड का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

सुनवाई के दौरान हुई इस टिप्पणी के बाद कोर्ट परिसर में भी मामले को लेकर चर्चा होती रही। वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक और कानूनी हलकों में बहस तेज हो गई है। कई लोगों ने अदालत की सख्ती को न्यायालय की गरिमा बनाए रखने की दिशा में जरूरी कदम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *