नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों सहित द्विपक्षीय सहयोग से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों की प्रगति की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, बातचीत में दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया। इसके साथ ही वैश्विक शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए जारी प्रयासों पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने भारत और अमेरिका के बीच सहयोग को और गहरा करने तथा आपसी संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बातचीत की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के साथ सार्थक बातचीत हुई और दोनों पक्षों ने व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों तथा अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की। उन्होंने यह भी बताया कि भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए दोनों नेता निकट सहयोग जारी रखने पर सहमत हुए।
यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल व्यापार से जुड़े मुद्दों पर बातचीत के लिए अमेरिका में हैं। वे जी20 ट्रेड मिनिस्टर्स की बैठक में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका पहुंचे हैं। इस दौरान भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों से जुड़े मुद्दों पर अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर के साथ बातचीत प्रस्तावित है।
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की बातचीत में व्यापार सहित कई प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा ऐसे समय हुई है, जब दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग से जुड़े मुद्दे भी बातचीत के केंद्र में हैं। पीएमओ ने कहा कि दोनों नेता भारत-अमेरिका साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए संपर्क में बने रहने पर सहमत हुए हैं।