कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का गोल्डन पंच, प्रीति पवार और जैस्मिन लंबोरिया ने 30 मिनट में जीते दो स्वर्ण पदक

नई दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय महिला मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को बड़ी उपलब्धि दिलाई है। शनिवार को भारत की प्रीति पवार और जैस्मिन लंबोरिया ने महज 30 मिनट के अंदर दो गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया।

महिला मुक्केबाजी के फाइनल मुकाबलों में दोनों भारतीय खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्ग में शानदार जीत दर्ज की। प्रीति पवार ने महिलाओं की 54 किलोग्राम भार वर्ग में कनाडा की स्कार्लेट सवाना डेलगाडो को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, जैस्मिन लंबोरिया ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में नॉर्दन आयरलैंड की माइकेला वाल्श को 5-0 से मात देकर गोल्ड मेडल जीता।

प्रीति पवार का शानदार प्रदर्शन

एसईसी हॉल-5 में खेले गए फाइनल मुकाबले में प्रीति पवार शुरुआत से ही विपक्षी मुक्केबाज पर हावी रहीं। पहले राउंड में सभी जजों ने प्रीति के पक्ष में 10-10 अंक दिए। दूसरे राउंड में भी उन्होंने अपना दबदबा कायम रखा।

तीसरे राउंड में प्रीति ने अपनी रणनीति के साथ खेलते हुए बढ़त को बनाए रखा और सभी जजों से पूरे अंक हासिल कर गोल्ड मेडल पक्का कर लिया।

प्रीति ने टूर्नामेंट के राउंड ऑफ-16 में मलावी की डेबोरा म्टेंजे को आरएससी से हराया था। इसके बाद क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में भी उन्होंने 5-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई थी।

जैस्मिन लंबोरिया ने भी लगाया गोल्डन पंच

दूसरे फाइनल मुकाबले में जैस्मिन लंबोरिया ने नॉर्दन आयरलैंड की माइकेला वाल्श को 5-0 से हराकर भारत को सातवां गोल्ड मेडल दिलाया।

पहले राउंड में मुकाबला कड़ा रहा, लेकिन इसके बाद जैस्मिन ने शानदार वापसी करते हुए अगले राउंड में पूरी तरह नियंत्रण बना लिया। तीसरे राउंड में उन्होंने 4-1 से जीत दर्ज करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

जैस्मिन ने क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड की एलीस ग्लिन को 4-1 से हराया था, जबकि सेमीफाइनल में लिसोथो की रापेलैंग मासेलेला को 5-0 से शिकस्त दी थी।

मेडल टैली में भारत छठे स्थान पर

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। प्रीति पवार और जैस्मिन लंबोरिया के गोल्ड मेडल के बाद भारत के खाते में अब 7 गोल्ड, 12 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज मेडल हो गए हैं। कुल 25 पदकों के साथ भारत मेडल टैली में छठे स्थान पर पहुंच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *