अमृतसर। पुलिस पर हमले और हिरासत से फरार होने के मामले में वांछित कुख्यात शूटर करणबीर सिंह शनिवार को अमृतसर देहात के कंडोवालिया इलाके में हुई पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
घेराबंदी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, करणबीर सिंह की तलाश में विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। शनिवार को मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने कंडोवालिया इलाके में उसकी घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
दोनों पक्षों के बीच करीब 14 राउंड फायरिंग हुई। गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि करणबीर भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ। पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
ASI पर गोली चलाने के बाद हुआ था फरार
करणबीर सिंह पर कुछ दिन पहले एएसआई जसवंत सिंह पर जानलेवा हमला कर गोली चलाने का आरोप था। पुलिस के मुताबिक, हमले में एएसआई घायल हुए थे। घटना के बाद पुलिस ने करणबीर को गिरफ्तार कर लिया था।
बुधवार रात पुलिस टीम उसे हथियार बरामदगी के लिए मजीठा इलाके में लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर हथकड़ी समेत फरार हो गया था। इसके बाद उसकी तलाश के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित कर जिले में नाकाबंदी की थी।
एनकाउंटर के बाद इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
मुठभेड़ के बाद कंडोवालिया और आसपास के इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने मामले में फॉरेंसिक और तकनीकी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।