महंगाई का झटका: पेट्रोल-डीजल के बाद CNG के दाम भी बढ़े, 81 रुपये प्रति किलो के पार

बिजनेस डेस्क : देश की राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर में एक बार फिर आम जनता को महंगाई का झटका लगा है। शनिवार को कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की खुदरा कीमत में 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। पिछले 10 दिनों में यह तीसरी बार है जब CNG के दामों में बदलाव किया गया है।

इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) के अनुसार, दिल्ली में CNG की कीमत 80.09 रुपये से बढ़कर 81.09 रुपये प्रति किलो हो गई है। वहीं नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में इसकी कीमत 89.70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, जबकि गुरुग्राम में CNG अब 86.12 रुपये प्रति किलो बिक रही है।

इससे पहले 15 मई को 2 रुपये प्रति किलो और 17 मई को 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई थी। लगातार बढ़ती कीमतों से ट्रांसपोर्ट सेक्टर और CNG वाहनों का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की आशंका है।

इसी बीच पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर का इजाफा किया है। दिल्ली में पेट्रोल 99.51 रुपये और डीजल 92.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।

कोलकाता, मुंबई और अन्य बड़े शहरों में भी ईंधन के दामों में समान बढ़ोतरी देखी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और भू-राजनीतिक तनाव इसके पीछे प्रमुख कारण हैं।

ईंधन की लगातार बढ़ती कीमतों पर सरकार की ओर से कहा गया है कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद कीमतों को संतुलित रखने की कोशिश की जा रही है, लेकिन बाजार दबाव के चलते समय-समय पर बदलाव जरूरी हो जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *