BJP में शामिल होते ही राघव चड्ढा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, राज्यसभा याचिका समिति के बने अध्यक्ष

नई दिल्ली। हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए राघव चड्ढा को संसद में अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें राज्यसभा की याचिका समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस संबंध में राज्यसभा सचिवालय की ओर से अधिसूचना जारी की गई है।

जारी अधिसूचना के अनुसार, राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने 20 मई 2026 से प्रभावी रूप से याचिका समिति का पुनर्गठन किया है। समिति में कुल 10 सदस्यों को शामिल किया गया है, जबकि इसकी कमान राघव चड्ढा को सौंपी गई है।

समिति में राघव चड्ढा के अलावा हर्ष महाजन, गुलाम अली, शंभू शरण पटेल, मयंककुमार नायक, मस्तान राव यादव बीधा, जेबी माथेर हिशाम, सुभाशीष खुंटिया, रंगव्रा नारजारी और संदोश कुमार पी को सदस्य बनाया गया है।

वहीं, राज्यसभा सचिवालय की एक अन्य अधिसूचना में जानकारी दी गई कि राज्यसभा सदस्य मेनका गुरुस्वामी को कॉर्पोरेट कानून (संशोधन) विधेयक-2026 से संबंधित संयुक्त समिति का सदस्य नामित किया गया है।

बता दें कि राघव चड्ढा ने हाल ही में आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देकर छह अन्य राज्यसभा सांसदों के साथ भाजपा का दामन थामा था। 27 अप्रैल को सभी सात सांसद औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हुए थे। इसके बाद राज्यसभा में आम आदमी पार्टी की संख्या घटकर केवल तीन सांसद रह गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *