संसद में गतिरोध के बीच राहुल गांधी से मिले किरेन रिजिजू, परिसीमन बिल पर मांगा समर्थन

नई दिल्ली संसद के मानसून सत्र में जारी गतिरोध को खत्म करने के प्रयास तेज हो गए हैं। इसी क्रम में संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से उनके कक्ष में करीब 50 मिनट तक मुलाकात की। बैठक में सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने के लिए विपक्ष से सहयोग मांगा गया।

सूत्रों के अनुसार, बैठक के दौरान रिजिजू ने आगामी परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर कांग्रेस का समर्थन भी मांगा। हालांकि, राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि विपक्ष की मांग पहले जैसी ही है और जब तक गृह मंत्री अमित शाह सदन में संबंधित मुद्दों पर बयान नहीं देते, तब तक विपक्ष अपना विरोध जारी रखेगा। बैठक में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं।

मुलाकात के बाद किरेन रिजिजू ने लोकसभा अध्यक्ष से भी चर्चा की और बाद में गृह मंत्री अमित शाह को बैठक की जानकारी दी। वहीं, कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सरकार को विपक्ष की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए और चर्चा से ही गतिरोध का समाधान संभव है।

इस बीच परिसीमन विधेयक को लेकर भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। प्रस्तावित विधेयक में लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाने तथा महिला आरक्षण लागू करने से जुड़े प्रावधानों पर चर्चा की संभावना है। पहले इस विधेयक का विपक्ष ने विरोध किया था, लेकिन बदले राजनीतिक समीकरणों के बीच सरकार समर्थन जुटाने की कोशिश में लगी है।

मानसून सत्र के सीमित समय को देखते हुए अब सभी की नजरें संसद के अंतिम सप्ताह पर टिकी हैं, जहां सरकार महत्वपूर्ण विधेयकों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर सकती है। विपक्ष और सरकार के बीच सहमति बनती है या नहीं, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *