भोपाल। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत मध्यप्रदेश ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश को “बेस्ट परफार्मिंग लार्ज स्टेट – हाइयेस्ट प्री-ऑथोराइजेशंस विथ बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन” श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया है। यह सम्मान बायोमेट्रिक आधारित प्री-ऑथराइजेशन प्रक्रिया के प्रभावी, पारदर्शी और सफल क्रियान्वयन के लिए प्रदान किया गया।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) द्वारा नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में आयोजित राष्ट्रीय समीक्षा बैठक (चिंतन शिविर) के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की सचिव सुपुण्य सलिला श्रीवास्तव ने आयुष्मान भारत निरामयम् मध्यप्रदेश के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविंद शाह को यह सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम में एनएचए के सीईओ डॉ. सुनील कुमार बर्नवाल, संयुक्त सचिव किरण गोपाल वास्का सहित एनएचए और यूआईडीएआई के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सम्मान प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता, तकनीक आधारित सुशासन और जनहित के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए आयुष्मान भारत निरामयम् मध्यप्रदेश की पूरी टीम, जिला अधिकारियों, अस्पतालों तथा योजना से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी प्रदेश स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।