कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड स्थित कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक साथ 10 से 15 छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। छात्राओं को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने पर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक तौर पर मामले को फूड पॉइजनिंग से जोड़कर देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना पंडरिया थाना क्षेत्र के दुल्लापुर बाजार स्थित कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास की है। भोजन करने के कुछ समय बाद कई छात्राओं ने पेट दर्द की शिकायत की। देखते ही देखते उन्हें उल्टी और दस्त शुरू हो गए, जिससे छात्रावास में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही छात्रावास प्रबंधन ने स्वास्थ्य विभाग को अवगत कराया और सभी छात्राओं को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। इनमें से चार छात्राओं की हालत को देखते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य छात्राओं का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है।
स्वास्थ्य विभाग की प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि बीमारी के वास्तविक कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। इसके लिए भोजन के नमूने और अन्य आवश्यक सैंपल जांच हेतु भेजे जा रहे हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, समय पर उपचार मिलने से सभी छात्राओं की स्थिति फिलहाल स्थिर और नियंत्रण में है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छात्रावास की भोजन व्यवस्था की जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है।