उड़ान के दौरान बड़ा हादसा, कासगंज में ट्रेनिंग विमान क्रैश

कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। प्रशिक्षण उड़ान के दौरान एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट अचानक अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर जोरदार धमाका हुआ और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

महिला ट्रेनी पायलट घायल

जानकारी के अनुसार, एयरक्राफ्ट में केवल एक महिला ट्रेनी पायलट सवार थीं। दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायल पायलट को विमान के मलबे से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

मौके पर जुटी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे की खबर मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर दी है और मलबे के पास आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

विमान दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। नागरिक उड्डयन विभाग और विशेषज्ञों की टीम एयरक्राफ्ट के मलबे की जांच कर रही है। महिला पायलट के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उनका बयान भी दर्ज किया जाएगा।

निर्माणाधीन हाईवे होने से टला बड़ा हादसा

प्रशासन के अनुसार, एयरक्राफ्ट निर्माणाधीन हाईवे पर गिरा, जहां उस समय वाहनों और लोगों की आवाजाही बेहद कम थी। यदि विमान किसी रिहायशी इलाके या व्यस्त सड़क पर गिरता, तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था। फिलहाल पुलिस और नागरिक उड्डयन विभाग की टीमें पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *