मथुरा की जामा मस्जिद में बड़ा हादसा, गुंबद का हिस्सा टूटकर गिरा, मची अफरा-तफरी

मथुरा। कान्हा की नगरी मथुरा के व्यस्त चौक बाजार स्थित ऐतिहासिक जामा मस्जिद में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मस्जिद के विशाल गुंबद का एक हिस्सा अचानक भरभराकर टूटकर गिर गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के समय मस्जिद के भीतर नमाजी मौजूद थे, लेकिन मलबा मुख्य सड़क पर गिरने के बजाय मस्जिद की ऊपरी छत पर ही अटक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुंबद का हिस्सा गिरते ही तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोगों को पहले किसी विस्फोट की आशंका हुई। चौक बाजार के दुकानदार और स्थानीय लोग घबराकर अपनी दुकानों और घरों से बाहर निकल आए। बाहर आने पर पता चला कि जामा मस्जिद के गुंबद का एक बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के समय बाजार में सामान्य दिनों की तरह काफी भीड़ थी। यदि गुंबद का भारी मलबा सीधे सड़क पर गिरता, तो कई राहगीर उसकी चपेट में आ सकते थे और बड़ा जानी नुकसान हो सकता था। मलबा छत पर रुक जाने से एक संभावित बड़ी त्रासदी टल गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और हादसे की तस्वीरें तथा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे।

घटना के संबंध में जामा मस्जिद प्रबंधन समिति ने फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण इमारत के बाहरी हिस्से और प्लास्टर में कमजोरी आने से गुंबद का हिस्सा टूटकर गिरा होगा। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच कराई जा रही है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐतिहासिक जामा मस्जिद की संरचनात्मक सुरक्षा का विस्तृत परीक्षण कराया जाए और आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द शुरू किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *