नई दिल्ली। रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए शानदार अवसर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने टेक्नीशियन के कुल 6,557 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी 29 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in के माध्यम से पूरी की जाएगी।
शैक्षणिक योग्यता
टेक्नीशियन ग्रेड-I (सिग्नल) पद के लिए उम्मीदवार के पास भौतिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) या इंस्ट्रुमेंटेशन जैसे विषयों में बीएससी डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा संबंधित शाखा में तीन वर्षीय इंजीनियरिंग डिप्लोमा या इंजीनियरिंग डिग्री रखने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन के पात्र हैं।
वहीं, टेक्नीशियन ग्रेड-III के अधिकांश पदों के लिए उम्मीदवार का मैट्रिक/एसएसएलसी उत्तीर्ण होना आवश्यक है। साथ ही संबंधित ट्रेड में एनसीवीटी/एससीवीटी से आईटीआई प्रमाणपत्र या अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण पूरा होना चाहिए। पात्र ट्रेडों में फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, मशीनिस्ट, कारपेंटर, ब्लैकस्मिथ सहित अन्य ट्रेड शामिल हैं।
आयु सीमा
टेक्नीशियन ग्रेड-I (सिग्नल) पद के लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 33 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वहीं, टेक्नीशियन ग्रेड-III के लिए आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) और मेडिकल परीक्षण (Medical Examination) के आधार पर किया जाएगा।
वेतन
- टेक्नीशियन ग्रेड-I (सिग्नल): ₹29,200 प्रतिमाह (प्रारंभिक वेतन)
- टेक्नीशियन ग्रेड-III: ₹19,900 प्रतिमाह (प्रारंभिक वेतन)
ऐसे करें आवेदन
आवेदन के लिए सबसे पहले आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नया अकाउंट बनाएं। इसके बाद लॉग इन कर आवेदन पत्र में मांगी गई सभी जानकारी भरें, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें, आवेदन शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म सबमिट कर कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें।
रेलवे में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए यह भर्ती एक सुनहरा अवसर मानी जा रही है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।