रायपुर : रायपुर में ACB/EOW ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निलंबित IAS अधिकारी समीर विश्नोई से जुड़ी कथित बेनामी संपत्तियों को जब्त कर लिया है। जांच एजेंसियों के अनुसार इन संपत्तियों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 15 से 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है, जो उनके और उनकी पत्नी प्रीति विश्नोई के नाम दर्ज पाई गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, आय से अधिक संपत्ति के मामले में चल रही जांच के दौरान यह सामने आया कि कई संपत्तियां अलग-अलग फर्मों के माध्यम से निवेश कर खरीदी गई थीं। इनमें महासमुंद क्षेत्र में करीब 22 एकड़ जमीन, नया रायपुर में स्थित महंगी भूमि और गायत्री नगर क्षेत्र का एक मकान शामिल है।
जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि इन संपत्तियों का बड़ा हिस्सा कथित रूप से रिश्तेदारों और परिवार के सदस्यों के नाम पर निवेश करके हासिल किया गया था। इसके बाद संबंधित संपत्तियों को अटैच कर सीज कर दिया गया है।
मामले की जांच पहले से ही ACB/EOW द्वारा की जा रही थी और हाल ही में विशेष न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद यह कार्रवाई औपचारिक रूप से पूरी की गई। एजेंसियां अब आगे की वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों की गहन जांच कर रही हैं।