जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला से एक गंभीर विमान दुर्घटना की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सोमवार को एक चार्टर्ड विमान उड़ान के दौरान आरा पहाड़ की ऊंची चोटी से टकरा गया, जिससे वह पूरी तरह नष्ट हो गया। इस हादसे में विमान के पायलट और को-पायलट की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान सामान्य रूप से उड़ान भर रहा था, लेकिन अचानक नियंत्रण खो बैठा और पहाड़ी क्षेत्र से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि विमान के टुकड़े चारों ओर बिखर गए। घटना के बाद का दृश्य बेहद भयावह बताया जा रहा है, और इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। लाल उम्मेद सिंह सहित पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद राहत और बचाव कार्य तेज़ी से चलाया जा रहा है। टीमें मलबे की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विमान में चालक दल के अलावा कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है, और प्रशासन हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है।