हर रोज के खाने को बनाएं खास, मिनटों में तैयार करें आलू का अचार

लाइफस्टाइल डेस्क। भारतीय रसोई में दाल-चावल सिर्फ एक साधारण भोजन नहीं, बल्कि सुकून और स्वाद का बेहतरीन मेल होता है। लेकिन अगर इसी थाली में थोड़ा सा चटपटा और मसालेदार आलू का अचार शामिल कर दिया जाए, तो इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है।

सरसों के तेल की तेज खुशबू और मसालों की झन्नाटेदार तासीर वाला आलू का यह अचार खासतौर पर उत्तर प्रदेश और बिहार के घरों में खूब पसंद किया जाता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और यह झटपट तैयार हो जाता है। आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी।

सामग्री:
उबले आलू – 4-5 (मध्यम आकार)
सरसों का तेल – 3-4 बड़े चम्मच
मेथी दाना – ½ छोटा चम्मच
हरी मिर्च – 3-4 (चीरा लगी हुई)
हल्दी पाउडर – ½ छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
नींबू का रस – 2 बड़े चम्मच
नमक – स्वादानुसार
हरा धनिया – सजाने के लिए

बनाने की विधि:
सबसे पहले आलू को उबालकर छील लें और उन्हें मध्यम टुकड़ों में काटकर एक बर्तन में रख लें। अब इसमें नमक, लाल मिर्च पाउडर और नींबू का रस डालकर हल्के हाथों से मिला लें।

इसके बाद एक कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें। जब तेल अच्छे से गरम हो जाए और हल्का धुआं उठने लगे, तब आंच धीमी करें और उसमें मेथी दाना डालें। मेथी के हल्का भुनते ही इसमें हरी मिर्च और हल्दी पाउडर डालें।

तैयार तड़के को तुरंत आलू पर डालें और अच्छी तरह मिक्स करें, ताकि हर टुकड़ा मसालों से अच्छी तरह कोट हो जाए। अंत में ऊपर से हरा धनिया डालकर सजाएं।

ज़रूरी टिप्स:
इस अचार के लिए कच्ची घानी सरसों का तेल इस्तेमाल करें, इससे असली स्वाद आता है।
अगर तुरंत न खाकर 1-2 घंटे बाद खाया जाए, तो इसका स्वाद और भी बेहतर हो जाता है।
जरूरत लगे तो खट्टापन बढ़ाने के लिए थोड़ा और नींबू का रस मिला सकते हैं।

यह आसान और स्वादिष्ट आलू का अचार आपकी रोजमर्रा की थाली को खास बना देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *