नारेबाजी से नाराज हुए मल्लिकार्जुन खड़गे, कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को लगाई फटकार

बेंगलुरु। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बेंगलुरु में आयोजित पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान लगातार हो रही नारेबाजी से नाराज होकर खड़गे ने मंच से ही कार्यकर्ताओं को कड़ी फटकार लगा दी। उनका यह सख्त रुख अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु में आयोजित ‘संकल्प समावेश’ कार्यक्रम में मल्लिकार्जुन खड़गे कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान कुछ कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते रहे। कई बार शांत रहने की अपील के बावजूद जब नारेबाजी नहीं रुकी तो खड़गे नाराज हो गए। उन्होंने मंच से कहा, “तुम लोग बेकार हो। क्या यहां इस तरह चिल्लाने से पूरा देश प्रभावित हो जाएगा? शांत होकर बैठो।”

अपने संबोधन में खड़गे ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अनुशासन का महत्व समझाते हुए कहा कि पार्टी में व्यक्ति पूजा के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम किसी एक नेता का नहीं, बल्कि पूरे संगठन का है और सभी को पार्टी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कार्य करना चाहिए।

दरअसल, यह घटना पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान हुई। बताया जा रहा है कि कुछ कार्यकर्ता कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के समर्थन में ‘डीके-डीके’ के नारे लगा रहे थे, जिससे कार्यक्रम का माहौल प्रभावित हो रहा था।

स्थिति को देखते हुए खड़गे ने चेतावनी दी कि कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग की जा रही है और फुटेज की जांच के बाद अनुशासनहीनता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। बाद में मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और वरिष्ठ कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने हस्तक्षेप कर कार्यकर्ताओं को शांत कराया।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में इसकी चर्चा तेज हो गई है। कई लोग इसे कांग्रेस नेतृत्व द्वारा संगठन में अनुशासन बनाए रखने का संदेश मान रहे हैं, जबकि विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर निशाना साध रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *