रायपुर, 15 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में 80वें स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के विकास, बस्तर में शांति, किसान कल्याण, महिला सशक्तीकरण, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और तकनीक के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। साथ ही कई महत्वपूर्ण नई घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेने और विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है।
बस्तर में शांति और विकास पर सरकार का फोकस
CM साय ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता के बाद बस्तर में शांति, विश्वास और विकास का नया दौर शुरू हुआ है। ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के माध्यम से 31 योजनाओं और 14 सामुदायिक सुविधाओं का लाभ बस्तर संभाग के 39 लाख से अधिक लोगों तक पहुंचाने की बात कही।
उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बंद स्कूलों को दोबारा शुरू किया गया है और 36 नए स्कूलों को मंजूरी दी गई है। ओरछा और जगरगुंडा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में एजुकेशन सिटी विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है।
किसानों से ₹3,100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी
मुख्यमंत्री ने किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदा जा रहा है।
फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए धान की जगह दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसलें लेने वाले किसानों को कृषक उन्नति योजना के तहत 15 हजार रुपये की आदान सहायता देने का निर्णय बताया गया।
सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दी गई है। वहीं सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना के लिए 3,047 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
24.50 लाख आवास स्वीकृत, रोज बन रहे 1,600 घर
CM साय ने बताया कि प्रदेश में अब तक 24 लाख 50 हजार आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। राज्य में रोजाना औसतन 1,600 पक्के मकानों का निर्माण होने का भी दावा किया गया।
खाद्य सुरक्षा के तहत प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के माध्यम से करीब 73 लाख परिवारों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।
महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को ₹19,444 करोड़
महिला सशक्तीकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक महिलाओं के बैंक खातों में 19,444 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जा चुके हैं। प्रदेश में 13 लाख 85 हजार महिलाओं के लखपति दीदी बनने की जानकारी भी उन्होंने दी।
स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री ने ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत प्रदेश के 6,671 सरकारी स्कूलों में छात्राओं के लिए शौचालय बनाए जाएंगे।
युवाओं के लिए भर्ती और ₹500 करोड़ का AI मिशन
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस विभाग में 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है। शिक्षक और सहायक शिक्षक के 3,946 पदों तथा बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
तकनीक के क्षेत्र में बड़ा ऐलान करते हुए CM साय ने 500 करोड़ रुपये के छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन को मंजूरी देने की घोषणा की। इसके तहत 100 AI डेटा लैब, 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 50 से अधिक AI आधारित सेवाएं विकसित करने की योजना है।
इसके अलावा 6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों को AI का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।
₹8.23 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 1.74 लाख रोजगार की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक नीति और इन्वेस्टर कनेक्ट के जरिए राज्य को अब तक 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनसे करीब 1 लाख 74 हजार रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।
नवा रायपुर में प्रदेश की पहली गारमेंट इकाई स्विफ्ट टेक्सटाइल से 4,600 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद जताई गई। इसके अलावा राज्य में 23 नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं।
ऊर्जा और डिजिटल कनेक्टिविटी पर जोर
CM साय ने बताया कि एनर्जी समिट में 3 लाख 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश के 90 हजार से अधिक उपभोक्ता लाभान्वित हो रहे हैं।
दूरदराज के इलाकों में 829 मोबाइल टावर लगाए गए हैं। वहीं भारतनेट 3.0 के माध्यम से 5,659 ग्राम पंचायतों को हाईस्पीड इंटरनेट से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
चित्रकोट और सिरपुर को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी
पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में भी मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएं कीं। चित्रकोट को ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने और वहां टेंट सिटी बनाने की घोषणा की गई।
वहीं सिरपुर को विश्व धरोहर स्थल के मानकों के अनुरूप विकसित करने की योजना है। छत्तीसगढ़ी सिनेमा को बढ़ावा देने के लिए ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ बनाने तथा पद्मविभूषण डॉ. तीजन बाई की कला विरासत के सम्मान में ‘डॉ. तीजन बाई लोककला अलंकरण’ शुरू करने का निर्णय लिया गया।
साइबर अपराध पर शिकंजे के लिए 9 नए साइबर थाने
मुख्यमंत्री ने बताया कि नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ साइबर अपराध से निपटने के लिए राज्य में 9 नए साइबर पुलिस थाने बनाए गए हैं। इसके अलावा डायल-112 सेवा पूरे छत्तीसगढ़ में लागू की गई है।
अपने संबोधन के अंत में CM विष्णुदेव साय ने कहा कि विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण प्रदेशवासियों का साझा लक्ष्य है। उन्होंने सभी नागरिकों से एकजुट होकर राज्य और देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए योगदान देने का आह्वान किया।