लाल किले से PM मोदी के 10 बड़े ऐलान, 1 करोड़ युवाओं को AI ट्रेनिंग और फ्री कोचिंग का तोहफा

नई दिल्ली, 15 अगस्त 2026 देश आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित किया। इस बार का स्वतंत्रता दिवस समारोह कई मायनों में खास रहा। पहली बार आधिकारिक कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम’ की प्रस्तुति हुई। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने युवाओं, महिलाओं, ऊर्जा सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, खेल, आत्मनिर्भरता और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं और लक्ष्य सामने रखे।

PM मोदी ने खास तौर पर Gen Z और Gen Alpha पीढ़ी के युवाओं की क्षमता पर जोर दिया। उन्होंने अगले एक साल में एक करोड़ युवाओं को AI की ट्रेनिंग, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग और खेल प्रतिभाओं की पहचान के लिए देशव्यापी टैलेंट हंट शुरू करने की बात कही।

1. एक करोड़ युवाओं को AI की ट्रेनिंग

प्रधानमंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को भविष्य की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सरकार अगले एक साल में एक करोड़ युवाओं को AI स्किल्स की ट्रेनिंग देने के लक्ष्य पर काम कर रही है।

इसका उद्देश्य युवाओं को AI के क्षेत्र में सिर्फ रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर नेतृत्व करने में सक्षम बनाना है।

2. प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग

PM मोदी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में होने वाले महंगे कोचिंग खर्च को गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि इस आर्थिक दबाव को कम करने के लिए फ्री ऑनलाइन कोचिंग नेटवर्क तैयार किया जाएगा।

डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और देश के शिक्षकों एवं एजुकेटर्स की मदद से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की ऑनलाइन तैयारी की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।

3. 2036 ओलंपिक के लिए स्पोर्ट्स टैलेंट हंट

भारत ने 2036 में ओलंपिक की मेजबानी का लक्ष्य रखा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए देशभर में खेल प्रतिभाओं की पहचान की जाएगी।

उन खेलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिनमें भारत की भागीदारी अभी सीमित है या जिनमें भारतीय खिलाड़ी क्वालिफाई नहीं कर पाते। इसके लिए देशव्यापी स्पोर्ट्स टैलेंट हंट चलाने पर जोर दिया गया।

4. ऊर्जा सुरक्षा पर बड़ा फोकस

प्रधानमंत्री ने कहा कि AI, चिप और डेटा सेंटर जैसी आधुनिक तकनीकों के विस्तार के लिए आने वाले समय में बड़ी मात्रा में बिजली की आवश्यकता होगी। ऐसे में भारत के लिए ऊर्जा सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि देश ऊर्जा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए ऊर्जा उत्पादन एवं उपलब्धता की क्षमता बढ़ाना जरूरी है।

5. सेमीकंडक्टर में आत्मनिर्भर बनने की तैयारी

PM मोदी ने सेमीकंडक्टर को आधुनिक अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए भारत में चिप निर्माण की दिशा में हो रही प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स, मेडिकल उपकरणों और ट्रांसपोर्ट सिस्टम सहित आधुनिक क्षेत्रों में सेमीकंडक्टर की महत्वपूर्ण भूमिका है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि सेमीकंडक्टर मिशन के तहत देश में प्लांट स्थापित करने की दिशा में काम तेज हुआ है। उन्होंने तीन सेमीकंडक्टर प्लांट में काम शुरू होने और उत्पादन के निर्यात का भी उल्लेख किया। आने वाले वर्षों में कई और प्लांट शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

6. देश के सामने रखा ‘सप्तधारा’ का विजन

लाल किले से PM मोदी ने देश के विकास के लिए ‘सप्तधारा’ का विजन भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि आने वाले 5 से 7 वर्षों में ऐसे कई काम पूरे करने का प्रयास किया जाएगा, जो पिछले कई दशकों में नहीं हो सके।

प्रधानमंत्री ने युवाओं की शक्ति और क्षमता का उपयोग करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने पर भी जोर दिया।

7. महिला आरक्षण पर राजनीतिक दलों से अपील

महिला प्रतिनिधित्व के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने सभी राजनीतिक दलों से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की।

उन्होंने कहा कि देश की नीतियां बनाने में महिलाओं की भागीदारी बढ़नी चाहिए और राजनीतिक दलों को महिला आरक्षण लागू करने में सहयोग करना चाहिए।

8. ‘दिमागी नक्सल’ को लेकर चेतावनी

नक्सलवाद के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने कहा कि हथियार उठाने वाले नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में देश ने बड़ी प्रगति की है। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि इस चुनौती को पूरी तरह समाप्त मानकर लापरवाही नहीं बरती जा सकती।

PM मोदी ने ‘दिमागी नक्सल’ की विचारधारा को पहचानने और उसे अलग-थलग करने की जरूरत बताई। उन्होंने युवाओं को हिंसा और अराजकता के रास्ते से दूर रखकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया।

9. ‘बिजली का बिल जीरो’ करने का लक्ष्य

प्रधानमंत्री ने सौर ऊर्जा को आम परिवारों तक पहुंचाने की दिशा में सरकार की योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि देश की सौर ऊर्जा क्षमता पिछले वर्षों में तेजी से बढ़ी है।

PM मोदी ने PM सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना का जिक्र करते हुए कहा कि 50 लाख घर सौर ऊर्जा अपनाने का महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर चुके हैं। उन्होंने सौर ऊर्जा के जरिए आम परिवारों के बिजली खर्च को कम करने और ‘बिजली का बिल जीरो’ करने की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही।

10. 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि जब भारत अपनी आजादी की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा, तब देश को विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है।

उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों की मेहनत, सामूहिक प्रयास और संकल्प के बल पर इस लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

युवाओं से लेकर टेक्नोलॉजी तक PM मोदी का फोकस

लाल किले से प्रधानमंत्री का इस वर्ष का संबोधन मुख्य रूप से युवा शक्ति, AI, सेमीकंडक्टर, ऊर्जा सुरक्षा, खेल, महिला प्रतिनिधित्व और विकसित भारत के लक्ष्य के इर्द-गिर्द रहा। सरकार की आगामी प्राथमिकताओं में तकनीकी आत्मनिर्भरता और युवाओं को नई अर्थव्यवस्था के लिए तैयार करना प्रमुख रूप से सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *