दुर्ग। जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के अवैध कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए WINBUZZ ऐप के माध्यम से सट्टा संचालित करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और मौके से 4 लाख 93 हजार रुपये नकद सहित बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंकिंग दस्तावेज और वाहन जब्त किए हैं। इस गिरोह का मुख्य संचालक देवेंद्र कुमार साहू बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चौकी स्मृतिनगर एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि रूंगटा कॉलेज के पीछे जी-9 टावर के पास राजा गार्डन स्थित एक मकान में WINBUZZ ऐप के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मुख्य संचालक देवेंद्र कुमार साहू के साथ मिलकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का कारोबार चला रहे थे। दोनों आरोपी इस अवैध गतिविधि में मासिक वेतन के आधार पर काम करते थे। सट्टे के लेन-देन और संचालन के लिए लैपटॉप, मोबाइल फोन, सिम कार्ड तथा विभिन्न बैंक खातों और एटीएम कार्ड का इस्तेमाल किया जा रहा था।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 4 लाख 93 हजार रुपये नकद, 3 लैपटॉप, 1 आईपैड और 18 स्मार्ट मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इसके अलावा 22 एटीएम कार्ड, 10 बैंक पासबुक, 4 एयरटेल बैंक QR कोड स्कैनर, 1 एयरटेल वाई-फाई डिवाइस और 4 होंडा एक्टिवा स्कूटर भी बरामद किए गए हैं। जब्त सामग्री के आधार पर सट्टा कारोबार के नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि कुछ बैंक खाताधारकों की जानकारी के बिना उनके खातों का इस्तेमाल सट्टे के अवैध लेन-देन में किए जाने की आशंका है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है तथा गिरोह के मुख्य संचालक देवेंद्र कुमार साहू सहित अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश हरिनखेड़े (23 वर्ष) और डिकेश प्रसाद तिवारी (22 वर्ष), दोनों निवासी अर्जुन नगर, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 317(4) एवं 61(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर 2 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया है।
इस कार्रवाई में ACCU दुर्ग एवं चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन सट्टा और जुए से दूर रहें तथा किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक या सिम कार्ड इस्तेमाल करने के लिए न दें। संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।