मुंबई। सिनेमाघरों में इस शुक्रवार कई नई फिल्मों की रिलीज के साथ बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। ‘कॉकटेल 2’, ‘बालन – द बॉय’ और ‘टॉय स्टोरी 5’ जैसी फिल्मों की एंट्री के बीच पहले से प्रदर्शित फिल्मों के बीच भी कमाई की कड़ी प्रतिस्पर्धा जारी है। इन दिनों ‘पेद्दी’, ‘मैं वापस आऊंगा’, ‘भारत भाग्य विधाता’ और ‘हॉन्टेड 3डी’ दर्शकों के बीच चर्चा में बनी हुई हैं।
‘मैं वापस आऊंगा’ को मिल रहा दर्शकों का साथ
निर्देशक इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ को सकारात्मक प्रतिक्रिया का फायदा मिलता दिखाई दे रहा है। दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी अभिनीत इस फिल्म की कमाई में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। गुरुवार को फिल्म ने 2.20 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि एक दिन पहले इसका कलेक्शन 1.75 करोड़ रुपये था। इसके साथ ही फिल्म की पहले सप्ताह की कुल कमाई 12.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
‘भारत भाग्य विधाता’ की रफ्तार रही धीमी
कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ को समीक्षकों से सराहना मिलने के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित सफलता नहीं मिल रही है। गुरुवार को फिल्म ने केवल 45 लाख रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही सात दिनों में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 6.55 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।
‘हॉन्टेड 3डी’ का शानदार प्रदर्शन
हॉरर फिल्म ‘हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट’ दर्शकों को आकर्षित करने में सफल रही है। विक्रम भट्ट और मनीष पी. चह्वाण के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने गुरुवार को 1.15 करोड़ रुपये का कारोबार किया। फिल्म की कुल कमाई अब 15.90 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है, जो इसके लिए सकारात्मक संकेत माने जा रहे हैं।
‘गवर्नर’ की कमाई में नहीं दिख रहा सुधार
मनोज बाजपेयी अभिनीत फिल्म ‘गवर्नर’ बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती नजर आ रही है। गुरुवार को भी फिल्म का कलेक्शन 30 लाख रुपये ही रहा। इसके साथ फिल्म की कुल कमाई 5.05 करोड़ रुपये तक पहुंची है।
200 करोड़ क्लब में ‘पेद्दी’, लेकिन कम हुई रफ्तार
राम चरण और जान्हवी कपूर स्टारर ‘पेद्दी’ ने 200 करोड़ रुपये के क्लब में जगह बनाकर बड़ी सफलता हासिल की है। हालांकि अब इसकी दैनिक कमाई में गिरावट देखने को मिल रही है। बुधवार को 2.45 करोड़ रुपये का कारोबार करने वाली फिल्म ने गुरुवार को 2 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके बावजूद फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 228 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
फिल्म कारोबार से जुड़े जानकारों का मानना है कि ‘मैं वापस आऊंगा’ को मिल रही मजबूत माउथ पब्लिसिटी और सकारात्मक प्रतिक्रिया के कारण बॉक्स ऑफिस पर प्रतिस्पर्धा बढ़ी है, जिसका असर अब अन्य फिल्मों, विशेषकर ‘पेद्दी’ की दैनिक कमाई पर भी दिखाई देने लगा है।