बच्चों की सेहत से खिलवाड़, स्कूल के मध्यान्ह भोजन में मिला कीड़ा

अकलतरा | जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा विकासखंड के नगर पंचायत नरियरा स्थित शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला में परोसे जा रहे मध्यान्ह भोजन में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है।जानकारी के अनुसार, मध्यान्ह भोजन का संचालन आदर्श महिला स्व सहायता समूह द्वारा किया जाता है। रसोइया ज्योति यादव, संतोषी साहू और राधा बाई पटेल भोजन तैयार करती हैं।

रसोइया राधा बाई पटेल बुजुर्ग होने के बावजूद भोजन बनाने का कार्य करती हैं।बच्चों ने भोजन में कीड़ा मिलने की शिकायत जब हेडमास्टर व मध्यान्ह भोजन प्रभारी अन्नपूर्णा साहू से की, तो उन्होंने कार्रवाई करने के बजाय बच्चों को डांटकर भगा दिया।

इससे उनकी भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।गौरतलब है कि पिछले महीने भी मध्यान्ह भोजन में चावल में कीड़ा मिला था, जिसके बाद संकुल समन्वयक ईश्वरी कश्यप और शिक्षकों द्वारा साफ-सुथरा भोजन परोसने की समझाइश दी गई थी, लेकिन हालात जस के तस हैं।

लगातार हो रही गड़बड़ियों के चलते अब बच्चे मध्यान्ह भोजन करने से डरने लगे हैं। अभिभावकों और ग्रामीणों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारियों को इस पर तत्काल संज्ञान लेकर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि बच्चों की सेहत के साथ खिलवाड़ बंद हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *