PM मोदी को डोनाल्ड ट्रंप का खास न्योता, जल्द हो सकती है अमेरिका यात्रा

नई दिल्ली। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों, रणनीतिक सहयोग, व्यापार और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। खास बात यह रही कि रूबियो ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को व्हाइट हाउस आने का विशेष निमंत्रण भी सौंपा।

प्रधानमंत्री मोदी ने मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर लिखा कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का स्वागत कर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है और दोनों देशों ने क्षेत्रीय एवं वैश्विक शांति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि भारत और अमेरिका वैश्विक कल्याण के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।

चार दिवसीय भारत दौरे पर आए मार्को रूबियो के साथ नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद रहे। गोर ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को निकट भविष्य में व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण भेजा है।

गोर ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई बैठक में सुरक्षा, व्यापार और महत्वपूर्ण तकनीकों के क्षेत्र में भारत-अमेरिका सहयोग को और मजबूत बनाने पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने भारत को अमेरिका का बेहद महत्वपूर्ण साझेदार बताया और कहा कि दोनों देश स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सोच को आगे बढ़ाने के लिए साथ काम कर रहे हैं।

मार्को रूबियो ने अपने भारत दौरे की शुरुआत कोलकाता से की, जहां उन्होंने ‘मिशनरीज ऑफ चैरिटी’ का दौरा भी किया। उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका संबंध केवल नीतियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि साझा मूल्यों और सेवा की भावना पर भी आधारित हैं।

पदभार संभालने के बाद रूबियो की यह पहली भारत यात्रा है। अपने दौरे के दौरान वे आगरा और जयपुर भी जाएंगे। वहीं रविवार को उनकी विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है।

इसके अलावा 26 मई को नई दिल्ली में होने वाली क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में भी रूबियो हिस्सा लेंगे। इस बैठक की मेजबानी विदेश मंत्री एस. जयशंकर करेंगे। बैठक में ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी भी शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *