भिलाई। जयंती स्टेडियम, सिविक सेंटर भिलाई में आयोजित शिवमहापुराण कथा के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत संदिग्ध रूप से घूम रहे महिलाओं के एक समूह को चिन्हित कर पूछताछ की। संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने 7 महिलाओं को थाना भिलाई नगर लाकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
दरअसल, थाना भिलाई नगर क्षेत्र के जयंती स्टेडियम में 17 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक शिवमहापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा कथा स्थल और आसपास के क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है।
17 अगस्त को कथा पंडाल में महिलाओं का एक समूह संदिग्ध रूप से घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने महिलाओं को चिन्हित कर उनसे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के दृष्टिगत सभी 7 महिलाओं को थाना भिलाई नगर लाया गया।
पुलिस ने सभी महिलाओं के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। साथ ही आवश्यकतानुसार उनकी पहचान संबंधी प्रक्रिया भी पूरी की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में किसी अपराध के घटित होने की पुष्टि नहीं हुई है। यह कार्रवाई कथा स्थल पर संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान रीना (35), अनीता देवी (22), सोनाली उर्फ शीला (45), जाह्नवी देवी (22), गीता देवी (37), संगीता (25) और नैना (20) के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इनमें कुछ महिलाएं मध्य प्रदेश के रीवा जिले तथा कुछ उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले की निवासी बताई गई हैं।
दुर्ग पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि धार्मिक आयोजन में अनावश्यक रूप से महंगे आभूषण पहनकर न आएं। मोबाइल, नगदी और अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखें तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बच्चों और सामान पर विशेष ध्यान दें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस का कहना है कि शिवमहापुराण कथा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, शांति एवं सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।