भिलाई में गर्भवती नवविवाहिता ने लगाई फांसी, 3 माह की प्रेग्नेंसी में उठाया खौफनाक कदम

भिलाई नगर : 1 खुर्सीपार थाना क्षेत्र के वार्ड-48 स्थित मिलावट पारा कैनाल रोड में गुरुवार रात 21 वर्षीय गर्भवती नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान विजय लक्ष्मी साहू उर्फ पायल के रूप में हुई है। वह तीन माह की गर्भवती थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरु कर दी है।

जानकारी के अनुसार विजय लक्ष्मी की शादी करीब 16 महीने पहले शुभम प्रधान से हुई थी। गुरुवार को घर का माहौल सामान्य बताया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक शाम को उसकी मां उससे मिलने आई थीं और करीब साढ़े आठ बजे वापस लौट गईं। उस समय विजय लक्ष्मी घर के कामकाज में व्यस्त थी और परिवार के सदस्यों से सामान्य बातचीत कर रही थी।

बताया गया कि रात करीब नौ बजे उसने अपने ससुर से कहा कि वह पांच मिनट में कमरे से बाहर आ जाएगी। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने उसे आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। रात करीब 10 बजे जब परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो विजय लक्ष्मी फांसी के फंदे पर लटकी मिली। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद नहीं था।
परिजनों ने बताया कि मृतका तीन माह की गर्भवती थी और ओपन स्कूल से 12वीं की परीक्षा की तैयारी भी कर रही थी। परिवार के अनुसार वह भविष्य की योजनाएं बना रही थी और किसी प्रकार की परेशानी के संकेत नहीं दिखाई दे रहे थे। ऐसे में उसके इस कदम से परिवार और रिश्तेदार स्तब्ध हैं।

जानकारी के मुताबिक विजय लक्ष्मी और शुभम प्रधान ने प्रेम विवाह किया था। दोनों ने आर्य समाज में विवाह किया था। प्रारंभिक दौर में विवाह को लेकर कुछ पारिवारिक विवाद हुए थे और मामला थाने तक पहुंचा था, लेकिन बाद में दोनों परिवारों के बीच संबंध सामान्य हो गए थे। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद किसी प्रकार का बड़ा विवाद सामने नहीं आया था।

परिवार ने पुलिस को यह भी बताया है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान विजय लक्ष्मी की विशेष धार्मिक अवस्था हो जाती थी, जिसके चलते उसका चिकित्सकीय उपचार भी चल रहा था। हालांकि इस स्थिति का घटना से कोई संबंध है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। सुसाइड नोट की सामग्री का खुलासा फिलहाल नहीं किया गया है। पुलिस उसकी हैंडराइटिंग और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *