SIR के बाद छूटे नामों को जोड़ने की तैयारी, BLO घर-घर जाकर करेंगे मतदाताओं का सत्यापन

नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के बाद अब चुनाव आयोग का फोकस उन पात्र नागरिकों तक पहुंचने पर है, जिनका नाम नई सूची में शामिल नहीं हो पाया है। इसके साथ ही पहली बार मतदान करने की उम्र तक पहुंच चुके युवाओं को भी मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

SIR पूरा कर चुके 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इस अभियान को लागू करने के लिए चुनाव आयोग ने संबंधित चुनाव अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अभियान के दौरान बूथ स्तर पर मतदाता सूची की दोबारा जांच की जाएगी।

पुरानी सूची से होगा मिलान

अभियान की शुरुआत प्री-SIR मतदाता सूची और मौजूदा सूची के मिलान से होगी। बूथ लेवल अधिकारी यानी BLO उन लोगों की जानकारी अलग से तैयार करेंगे, जिनका नाम पुरानी सूची में दर्ज था, लेकिन नई सूची में दिखाई नहीं दे रहा है।

इसके बाद BLO संबंधित मतदाताओं के घर पहुंचकर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी जुटाएंगे। जांच में पात्र पाए जाने वाले लोगों को मतदाता सूची में दोबारा शामिल कराने के लिए Form-6 भरने में सहायता दी जाएगी।

नए मतदाताओं पर भी नजर

सत्यापन के दौरान BLO ऐसे युवाओं की भी पहचान करेंगे, जो पहली बार मतदान करने के लिए पात्र हुए हैं। पात्रता पूरी करने वाले युवाओं से भी Form-6 भरवाकर उनका पंजीकरण कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

आयोग ने इस अभियान को लगभग एक महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। BLO को हर सप्ताह करीब 20 से 25 मतदाताओं तक पहुंचने का निर्देश दिया गया है।

हर मतदाता की स्थिति होगी दर्ज

घर-घर सत्यापन के दौरान BLO अपनी रिपोर्ट में मतदाताओं की मौजूदा स्थिति दर्ज करेंगे। साथ ही यह जानकारी भी रखी जाएगी कि किन पात्र लोगों से Form-6 प्राप्त किया गया है।

तैयार की गई सूची को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों यानी BLA के साथ साझा किया जाएगा। BLO की रिपोर्ट और Form-6 संबंधित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ERO) को भेजे जाएंगे। इसके बाद नियमानुसार आवेदनों की जांच कर निर्णय लिया जाएगा।

मतदाता सूची में नाम जुड़ना जारी प्रक्रिया

चुनाव आयोग के मुताबिक, मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया किसी एक अभियान तक सीमित नहीं है। कोई भी ऐसा नागरिक जो मतदान के लिए पात्र है लेकिन उसका नाम सूची में नहीं है, निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकता है।

SIR के बाद शुरू होने वाला यह अभियान विशेष रूप से उन पात्र नागरिकों तक पहुंचने पर केंद्रित है, जो पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान किसी कारण से सूची में शामिल नहीं हो पाए। इसका एक प्रमुख उद्देश्य पात्र मतदाताओं और नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया को आसान बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *