रिसाली। नगर पालिक निगम रिसाली के पुरैना स्थित सुशासन शिविर 2026 में प्रशासन की सक्रियता से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया। कलेक्टर अभिजीत सिंह की पहल पर एक आंख से दृष्टि बाधित 29 वर्षीय युवक देवेन्द्र कौशल का आधार कार्ड शिविर स्थल पर ही बन सका। तकनीकी कारणों से लंबे समय से अटके इस प्रकरण में कलेक्टर के निर्देश पर अधिकृत एजेंसी से समन्वय कर आधार कार्ड जारी कराया गया। देवेन्द्र कौशल दो बच्चों के पिता हैं।

सुशासन शिविर में ललित चंद्राकर ने पुरैना के 26 युवाओं को लर्निंग लाइसेंस प्रदान किए। विधायक ने समस्या-मूलक आवेदन लेकर पहुंचे नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल का निरीक्षण करते हुए महतारी वंदन योजना के अंतर्गत केवाईसी करा रहे हितग्राहियों से चर्चा की। परिवहन विभाग के स्टॉल पर बने लर्निंग लाइसेंस युवाओं को सौंपे गए। विधायक ने शिविर में आए नागरिकों से वन-टू-वन संवाद किया और गोद भराई रस्म में भी सहभागिता की।

इसी अवसर पर नगर निगम आयुक्त मोनिका वर्मा ने बालिकाओं को स्वच्छता किट का वितरण किया। शिविर में निगम सभापति केशव बंछोर, एमआईसी सदस्य रंजीता बेनुआ, सनीर साहू, पार्षद पार्वती महानंद, खिलेन्द्र चंद्राकर, मरोदा-पुरैना मंडल अध्यक्ष राजू जंघेल, विधायक प्रतिनिधि गोविंद साहू सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने सुनीं समस्याएं
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने शिविर के विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण करने के साथ ही आवेदन लेकर पहुंचे नागरिकों से सीधे संवाद किया। उन्होंने पेयजल, पट्टा एवं अतिक्रमण से संबंधित आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। शिविर में मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर आवेदक को तत्काल उपलब्ध कराया गया।

पुरैना शिविर : आवेदनों की स्थिति
मांग वाले आवेदन : 330
शिकायत वाले आवेदन : 38
कुल आवेदन : 368
मौके पर निराकरण : 71
शेष निराकरण हेतु आवेदन : 297
नगर पालिक निगम रिसाली प्रशासन ने बताया कि शेष आवेदनों का निराकरण प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में किया जाएगा।