राजनांदगांव को मिली 43.61 करोड़ की विकास सौगात, बनेगा प्रदेश का सबसे बड़ा 2000 सीटर ऑडिटोरियम

राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने राजनांदगांव शहर में 43 करोड़ 61 लाख 26 हजार रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें 15 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से बनने वाला प्रदेश का सबसे बड़ा 2000 सीटर ऑडिटोरियम प्रमुख रूप से शामिल है।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव में बनने वाला 2000 सीटर ऑडिटोरियम शहर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। यहां बड़े आयोजनों के लिए आधुनिक और पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। ऑडिटोरियम में पार्किंग, कॉरिडोर के साथ करीब एक हजार लोगों के एक साथ बैठकर भोजन करने की व्यवस्था भी होगी। यह राजनांदगांव सहित आसपास के नगरीय क्षेत्रों के बड़े आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

उन्होंने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, प्रकाश व्यवस्था और पाइपलाइन विस्तार समेत 43 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य किए जा रहे हैं। डॉ. रमन सिंह ने नगर निगम क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त 10 एमएलडी जल शोधन संयंत्र की आवश्यकता बताई। साथ ही गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम के पीछे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के विवाह एवं सामाजिक आयोजनों के लिए शेड और अतिरिक्त कक्ष बनाने का प्रस्ताव भी रखा।

सड़क, नाली और पेयजल समेत कई विकास कार्य

भूमिपूजन कार्यक्रम के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, विद्युतीकरण, पेयजल, मुक्तिधाम उन्नयन, सामुदायिक भवन और अन्य अधोसंरचना से जुड़े कार्य किए जाएंगे।

15वें वित्त आयोग अनटाइड ग्रांट से 12 करोड़ 9 लाख 44 हजार रुपये की लागत से सड़क, नाली और विद्युतीकरण के कार्य होंगे। वहीं अधोसंरचना मद से 11 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से सड़क, नाली, मुक्तिधाम उन्नयन और सामुदायिक भवन निर्माण के कार्य किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री घोषणा के तहत 1 करोड़ रुपये से चार वार्डों में सड़क, नाली और सामुदायिक भवन निर्माण तथा 15वें वित्त आयोग टाइड ग्रांट के पेयजल प्रबंधन घटक से 3 करोड़ 2 लाख 82 हजार रुपये की लागत से पाइपलाइन विस्तार के कार्य किए जाएंगे। इस अवसर पर नागरिकों को 1000 पौधों का वितरण भी किया गया।

राजनांदगांव नगर निगम को दो साल में मिले 267 करोड़

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राजनांदगांव शहर के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद पिछले दो वर्षों में राजनांदगांव नगर निगम को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से करीब 267 करोड़ रुपये विकास कार्यों के लिए प्राप्त हुए हैं।

उन्होंने शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधापूर्ण बनाने के लिए नागरिकों से नगर निगम के साथ मिलकर काम करने की अपील की। साव ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से राजनांदगांव को स्वच्छता के क्षेत्र में देश में अग्रणी बनाया जा सकता है।

कई बड़े प्रोजेक्ट जल्द होंगे स्वीकृत

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि गांधी चौक, पोस्ट ऑफिस चौक और नंदई चौक समेत प्रमुख चौकों के सौंदर्यीकरण के लिए करीब 3 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रक्रियाधीन है। रानी सागर और बूढ़ा सागर तालाब के पुनर्विकास के लिए 14 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है।

इसके अलावा जीई रोड से लखोली कबाड़ी दुकान तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 6.85 करोड़, आरके नगर चौक से डोंगरगांव रोड तक सड़क निर्माण के लिए 6.90 करोड़ और बायपास कन्हारपुरी से तिरंगा चौक तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 5.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति जल्द दिए जाने की जानकारी दी गई।

मोहारा जल संयंत्र की री-मरम्मत के लिए 4 करोड़ रुपये तथा ढाबा, गौरीनगर और गोकुलनगर में ओवरहेड टैंक निर्माण के लिए 12.61 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी जल्द प्रदान किए जाने की बात कही गई।

800 सीटर के बाद अब 2000 सीटर ऑडिटोरियम

महापौर मधुसूदन यादव ने बताया कि राजनांदगांव में वर्तमान में 800 सीटर ऑडिटोरियम उपलब्ध है। अब 15 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से 2000 सीटर ऑडिटोरियम का निर्माण किया जाएगा। इसके बनने से शहर में बड़े कार्यक्रमों के लिए व्यवस्थित और सुविधायुक्त स्थल उपलब्ध होगा।

सांसद ने गिनाईं रेलवे की उपलब्धियां

सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि राजनांदगांव को 43 करोड़ 61 लाख 26 हजार रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार जिले के विकास के लिए लगातार काम कर रही हैं।

उन्होंने परमालकसा से खरसिया तक नई रेल लाइन, चौथी रेल लाइन और राजनांदगांव व डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशनों के विकास का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि गौरीनगर और स्टेशन पारा अंडरब्रिज का निर्माण दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है, जबकि मोतीपुर अंडरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू होगा।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, श्रम कल्याण मंडल अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष सचिन बघेल, राजगामी संपदा न्यास अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, नगर निगम सभापति पारस वर्मा, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *