रायपुर। रथयात्रा के दौरान बढ़ती यात्रियों की संख्या को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे द्वारा ट्रेन ऑन डिमांड (TOD) स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। रेलवे ने बताया कि इन विशेष ट्रेनों में फिलहाल कई सीटें और बर्थ उपलब्ध हैं, जिनका लाभ उठाकर यात्री आसानी से अपनी यात्रा की योजना बना सकते हैं।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे नियमित ट्रेनों में अधिक भीड़ बढ़ाने के बजाय स्पेशल ट्रेनों में उपलब्ध सीटों का उपयोग करें। इससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी और नियमित ट्रेनों पर दबाव भी कम होगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, टिकट बुक कराने से पहले यात्री अधिकृत रेलवे आरक्षण केंद्रों या आईआरसीटीसी के माध्यम से सीटों की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इससे उन्हें अपनी यात्रा की बेहतर योजना बनाने में आसानी होगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने RailOne ऐप के उपयोग की भी सलाह दी है। इस ऐप के माध्यम से आरक्षित और अनारक्षित टिकट बुक किए जा सकते हैं। साथ ही पीएनआर स्टेटस, ट्रेन की लाइव लोकेशन, कोच पोजिशन और अन्य रेलवे सेवाओं की जानकारी भी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की संख्या और टिकट बुकिंग की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। यदि आवश्यकता महसूस हुई तो यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा। रेलवे ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।