समय रैना का बड़ा दांव, अब OTT प्लेटफॉर्म पर दिखेगा ‘India’s Got Latent’ का जलवा

मुंबई। स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर अपने चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। लंबे इंतजार के बाद शो का दूसरा सीजन आने वाला है। खास बात यह है कि इस बार यह शो यूट्यूब के बजाय ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जा सकता है।

गौरतलब है कि साल 2025 में ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का पहला सीजन विवादों में घिर गया था। शो से जुड़े कुछ बयानों और कंटेंट को लेकर विवाद बढ़ने के बाद समय रैना को कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। बढ़ते विवाद और शिकायतों के चलते उन्हें शो के सभी एपिसोड यूट्यूब से हटाने पड़े थे।

अब करीब एक साल बाद शो की वापसी की तैयारी पूरी हो चुकी है। नेटफ्लिक्स इंडिया ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक मजेदार पोस्ट साझा कर दूसरे सीजन का संकेत दिया है। इससे फैंस के बीच उत्साह और बढ़ गया है।

नेटफ्लिक्स ने पोस्ट में शो के चर्चित बाउंसर की तस्वीर साझा करते हुए कैप्शन लिखा, “कमेंट में नींबू-मिर्च डालिए, इसकी हमें बहुत जरूरत पड़ने वाली है।” इस पोस्ट को दर्शकों ने खूब पसंद किया और देखते ही देखते यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।

शो की वापसी की खबर पर कई लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर्स और कलाकारों ने भी प्रतिक्रिया दी है। आशीष चंचलानी, हर्ष लिंबाचिया, रैपर रफ्तार और राजीव ठाकुर समेत कई हस्तियों ने पोस्ट पर मजेदार टिप्पणियां की हैं।

सोशल मीडिया पर मिल रही जबरदस्त प्रतिक्रिया से साफ है कि दर्शक ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के दूसरे सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब सभी की नजरें शो की आधिकारिक रिलीज डेट और नए सीजन से जुड़ी अन्य घोषणाओं पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *