अमलेश्वर में एसडीआरएफ की बाढ़, फायर और सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल, जवानों ने दिखाए बचाव कौशल

दुर्ग। आपदा प्रबंधन एवं बचाव कार्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एसडीआरएफ संभाग दुर्ग द्वारा छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) तीसरी वाहिनी, अमलेश्वर में विशेष बाढ़, फायर एवं सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वाहिनी के कमांडेंट की उपस्थिति में एसडीआरएफ दुर्ग के जवानों ने विभिन्न आपदा परिस्थितियों में बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।

मॉक ड्रिल के दौरान जिला सेनानी दुर्ग नागेंद्र सिंह एवं एसडीआरएफ टीम ने बाढ़ में फंसे ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकालने, नदी में डूबे व्यक्ति की खोज एवं शव बरामदगी के लिए डीप डाइविंग अभ्यास, मोटर बोट पलटने की स्थिति में रेस्क्यू ऑपरेशन तथा डूबे हुए व्यक्ति को सीपीआर देकर जीवनरक्षक प्राथमिक उपचार प्रदान करने जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियों का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों की जानकारी और उनके उपयोग का भी प्रदर्शन किया गया। इस दौरान आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया, सतर्कता और सामुदायिक सहयोग के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई।

डेमो सेशन में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल तीसरी वाहिनी अमलेश्वर के लगभग 150 से 200 अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन से संबंधित प्रायोगिक और सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे वे आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर ढंग से कार्य कर सकें।

अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत बनाने के साथ-साथ आमजन में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *