मातृ दिवस पर विधायक रिकेश सेन की संवेदनशील पहल,वैशाली नगर विधानसभा में साढ़े 3 करोड़ से बनेगा सर्वसुविधायुक्त वृद्ध आश्रम

भिलाई नगर | 11 मई मातृ दिवस के अवसर पर रिकेश सेन, विधायक वैशाली नगर विधानसभा ने समाज के बेसहारा और उपेक्षित बुजुर्गों के लिए एक मानवीय और दूरदर्शी पहल की घोषणा की है। विधायक सेन ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में लगभग साढ़े 3 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक, सर्वसुविधायुक्त वृद्ध आश्रम का निर्माण किया जाएगा।

विधायक सेन ने कहा कि “मां केवल एक दिन की भावना नहीं, बल्कि पूरे जीवन का आधार होती है। जिस मां से हर दिन की शुरुआत होती है, उसे किसी एक दिन तक सीमित नहीं किया जा सकता।” उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर मां के प्रति प्रेम व्यक्त करना आसान है, लेकिन समाज की सच्चाई यह है कि आज कई माताएं और बुजुर्ग वृद्धाश्रमों में जीवन बिताने को मजबूर हैं।

शांति नगर में होगा निर्माण, कलेक्टर से मिली स्वीकृति

विधायक सेन ने जानकारी दी कि शांति नगर स्थित वैशाली नगर थाना के समीप मैदान में इस वृद्ध आश्रम का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए कलेक्टर से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। यह आश्रम उन बुजुर्ग माताओं-पिताओं के लिए समर्पित होगा, जिनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है या जिनसे उनके अपने ही दूर हो गए हैं।

सम्मान, सुरक्षा और अपनापन मिलेगा

विधायक ने भावुक शब्दों में कहा कि “जो लोग अपने माता-पिता की सेवा नहीं करना चाहते, उनके लिए उनका बेटा और विधायक रिकेश सेन हमेशा खड़ा रहेगा।”

इस वृद्ध आश्रम में बुजुर्गों को सम्मानजनक जीवन, सुरक्षा, पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य सुविधाएं और अपनापन उपलब्ध कराया जाएगा।

क्षेत्रवासियों ने की सराहना

विधायक की इस घोषणा को क्षेत्रवासियों और सामाजिक संगठनों ने मानवीय, संवेदनशील और प्रेरणादायी पहल बताते हुए सराहना की है। उनका कहना है कि यह कदम समाज में बुजुर्गों के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को नई दिशा देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *